Tikamgarh

Ram Navami 2024: बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा में पांच दिन चलेगा राम जन्म महोत्सव, 12 बजे खुले रामराजा मंदिर के कपाट, शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु – Ram Navami 2024 Ram Janam Mahotsav will run for five days in Ayodhya Orchha of Bundelkhand doors of Ramraja temple will open at 12 oclock

श्रीराम जन्मोत्सव के मौके पर 18 अप्रैल को सुबह 5 बजे सरकार की मंगला आरती होगी। मंदिर में इस आरती का आयोजन वर्ष में केवल दो बार किया जाता है।

द्वारा Hemant Kumar Upadhyay

प्रकाशित तिथि:

बुधवार, 17 अप्रैल 2024 08:07 पूर्वाह्न (IST)

अद्यतन दिनांक:

बुधवार, 17 अप्रैल 2024 02:36 अपराह्न (IST)

पर प्रकाश डाला गया

  1. 21अप्रैल तक गर्भगृह से बाहर रहेंगे रामराजा सरकार
  2. रामराजा सरकार 3 दिन तक पालने में देंगे भक्तों को दर्शन
  3. बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा में पांच दिन राम जन्म महोत्सव की धूम रहेगी

ओरछा, टीकमगढ़। धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में श्री रामराजा सरकार अब 19 से 21 अप्रैल तक गर्भगृह से बाहर आकर दर्शन देंगे। बुधवार को श्री रामराजा सरकार का दरबार दोपहर 12 बजे खुला। रोजाना 8 बजे होने वाली आरती नहीं हुई और राम जी के जन्म की आरती के साथ ही मंदिर के कपाट खोले गए। शोभायात्रा में बड़ी संख्‍या में श्रद्धालु शाम‍िल हुए।

श्री राम जन्मोत्सव 5 दिन तक चलेगा, जिसमें दूसरे दिन गुरुवार को सुबह 5 बजे मंगला आरती का आयोजन होगा। साथ ही 19 से 21 अप्रैल तक श्री रामराजा सरकार अपने गर्भ गृह से बाहर निकल कर चौक में पालने में विराजमान होकर अपने भक्तों को तीन दिन दर्शन देंगे। राम जन्‍मोत्‍सव पर रामराजा सरकार को 51 हजार लड्‌डुओं का भोग लगाया गया।

श्री राम जन्मोत्सव पर ओरछा नगर के प्रथम द्वार से मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है । मंदिर प्रांगण में देश के प्रख्यात भजन गायक पवन तिवारी द्वारा भजन एवं बधाई गीतों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। रामराजा मंदिर में राम जन्मोत्सव पर पुरानी परंपरा के अनुसार श्रृद्धालुओं को लड्डू, बूंदी, पंजीरी और पंचामृत का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

8 बजे बजे होने वाली आरती आज नहीं हुई। रामजी के जन्म की आरती के साथ ही मंदिर के कपाट खुले। भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या की तरह ही ओरछा में राजा के रूप में पूजे जाते हैं। भगवान रामराजा अपने जन्मोत्सव पर तीन दिन चौक में रहकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।

गौरतलब है कि ओरछा देश में एक मात्र ऐसी जगह है जहां भक्त व भगवान के बीच राजा और प्रजा का संबंध है। यहां भगवान रामराजा के रूप में पूजे जाते हैं। अयोध्या से ओरछा की दूरी लगभग 450 किलोमीटर है लेकिन इन दोनों ही जगहों के बीच गहरा नाता है जिस तरह अयोध्याधाम के रगरग में राम है उसी तरह ओरछा की हर धड़कन में राजा राम विराजमान है।

रामराजा मंदिर में राम जन्मोत्सव पर पुरानी परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं को लड्डू, बूंदी, पंजीरी और पंचामृत का प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीरामराजा परिषद द्वारा सुबह 9 बजे से नगर के प्रथम द्वार कुशनगर से गाजों बाजों के साथ सरकार की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।

इस दौरान रथ पर माता कौशल्या के साथ बाल रूप में रामलला को विराजमान किया गया है। नगर के द्वार-द्वार पर तिलक होगा। नगर के लोगों द्वारा शोभायात्रा पर क्विंटलों गुलाब व गेंदा के फूलों से पुष्प वर्षा की जाएगी। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई रामराजा मंदिर परिसर पहुंचेगी। जहां भव्य बधाई गीत एवं भजन समारोह का आयोजन किया जाएगा। विशाल जनसमूह के बीच भजन गायक पवन तिवारी और अन्य कलाकारों द्वारा बधाई गीत व भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

18 अप्रैल को सुबह 5 बजे होगी मंगला आरती

श्रीराम जन्मोत्सव के मौके पर 18 अप्रैल को सुबह 5 बजे सरकार की मंगला आरती होगी। मंदिर में इस आरती का आयोजन वर्ष में केवल दो बार किया जाता है। हर साल की तरह मंगला आरती में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु की ओरछा पहुंचने की संभावना है। मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत शरण महाराज ने बताया कि मंगला आरती में शामिल होने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। जो भी प्राणी इस मंगला आरती में शामिल होता है उसे 501 गौदान का फल प्राप्त होता है। प्रशासन की ओर से रामजन्म और मंगला आरती के दौरान मंदिर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। 19 से 21 अप्रैल तक रामराजा सरकार के पालने में दर्शन होंगे। पालना झांकी के दर्शन के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी श्रद्धालु ओरछा पहुंचते हैं।

शयन के बाद जाते हैं आयोध्या

भगवान को ओरछा और अयोध्या एक बराबर प्रिय हैं। इसलिए दिन में भगवान राम ओरछा में रहते हैं और भक्तों को दर्शन देते हैं। वहीं रात को शयन आरती के बाद वह अयोध्या चले जाते हैं। वहीं इस मंदिर की एक और खासियत हैं कि भगवान राम के कपाट जब खुलते हैं तो सबसे पहले पुलिस के जवान सलामी देते हैं इसके बाद भगवान के दर्शन बाकी श्रद्धालु करते हैं।

MP DRISHTI NEWS

लेटेस्ट व शानदार खबरों के साथ सभी खबरें देखने के लिए बने रहे आपके आपने चैनल पर..... Mp drishti news

Related Articles

Back to top button